उत्तराखंड बजट सत्र आज से शुरू, पक्ष-विपक्ष के 600 से ज्यादा सवालों से गरमाएगा सदन

Spread the love

उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार 9 मार्च यानि आज ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में शुरू होने जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले ही गैरसैंण में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसके लिए सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने ही अपने-अपने तरकश में तीर तैयार किए हैं। Uttarakhand Budget Session 2026 तय एजेंडे के अनुसार सोमवार को सुबह 11 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) का अभिभाषण होगा और अपराह्न तीन बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट पेश करेंगे। बजट का आकार 1.10 लाख करोड़ रुपये के आसपास रहने की संभावना है। राज्य के संसदीय इतिहास में यह पहला मौका है, जब सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होने के साथ ही बजट भी पेश होगा। सत्र के दौरान 10 मार्च को सरकार की ओर से नौ विधेयक पेश किए जाएंगे। वहीं, 38 विधायकों ने सत्र के लिए 600 प्रश्न लगाए हैं। राज्य गठन के बाद पहली बार सरकार राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही बजट पेश करेगी। इसके साथ ही यह पहला अवसर होगा जब वित्त मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री अपनी सरकार का बजट सदन में रखेंगे।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी सहित अन्य कांग्रेसी विधायक गैरसैंण पहुंच चुके हैं। कांग्रेस ने साफ किया है कि इस बार बजट सत्र के दौरान सरकार को कई जनहित के मुद्दों पर घेरा जाएगा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का कहना है कि सरकार हर बार की तरह इस बार भी जनता के सवालों से बचने की कोशिश करेगी, लेकिन विपक्ष सदन के भीतर मजबूती से मुद्दे उठाएगा। जानकारी के मुताबिक धामी सरकार इस बार करीब 1.11 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश करेगी। चुनावी साल को देखते हुए इसे “समर्पित बजट” बताया जा रहा है, जिसमें गरीब, युवा, महिलाएं और किसानों को केंद्र में रखा गया है। इस बजट को कैबिनेट की मंजूरी भी मिल चुकी है। वहीं बजट सत्र को लेकर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर को खास तौर पर सजाया गया है। विधानसभा भवन के मुख्य द्वार पर आकर्षक डिजाइन वाला गेट बनाया गया है। परिसर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए लेजर लाइटों का इस्तेमाल किया गया है उद्यान विभाग की ओर से सजावटी पौधे भी लगाए गए हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण किया गया है। आसपास की सड़कों व दीवारों पर रंग-रोगन भी किया गया है।