उत्तरकाशी जिले के मनेरी थाना क्षेत्र में विद्यालय में एनसीसी की नियमित कक्षा संचालित हो रही थी। आरोप है कि विद्यालय के एक शिक्षक ने छात्रा से कहा कि एनसीसी अधिकारी उसे बुला रहे हैं। शिक्षक छात्रा को अपने साथ एनसीसी कक्ष में ले गया। शिकायत के अनुसार, कमरे में पहुंचने के बाद शिक्षक और एनसीसी अधिकारी ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने किसी तरह खुद को बचाया और वहां से निकलकर अपनी कक्षा में पहुंच गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से काफी आहत हो गई। उसने घर पहुंचकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने मनेरी थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली।