क्राइम का गढ़ बन रहा उत्तराखंड! आंकड़े कर रहे तस्दीक, पुलिस भी तोड़ रही अपराधियों की कमर

Share

Uttarakhand Police: पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में क्राइम तेजी से बढ़ रहा है। आए दिन मर्डर, लूट, रेप, चोरी आदि की घटनाएं सामने आ रही है। इसकी तस्दीक आंकड़े कर रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि एक अगस्त से लेकर अब तक 291 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। जबकि, एक जनवरी 2021 से लेकर अब तक 2,292 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। वहीं, तीन सालों में 312 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया जा चुका है। दरअसल, उत्तराखंड पुलिस की ओर से अपराधियों और माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए बीती 1 अगस्त से 2 महीने का विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार शुरू किया। इस ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत अब तक एक महीने के भीतर 101 मुकदमे पंजीकृत किए गए। जिसके तहत 219 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

वहीं, उत्तराखंड पुलिस ने 1 जनवरी 2021 से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जिसमें 2,320 मुकदमे पंजीकृत किए। जिसके तहत 4,222 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जबकि, आपराधिक घटनाओं में शामिल 2,292 आरोपियों को गिरफ्तार कर काल कोठरी में भेजा गया। उत्तराखंड डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि बीते 3 सालों में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। जिसके तहत 312 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया। जिसमें 175 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत अधिग्रहित की गई। उन्होंने कहा कि अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है।