राजधानी देहरादून में एक नौवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुष्कर्म उसी स्कूल में पढ़ने वाले 12वीं के छात्र ने किया। स्वजनों को तब पता चला जब छात्रा की तबीयत खराब हुई। चिकित्सीय जांच में पता चला कि वह छह माह की गर्भवती है। इसके बाद नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने आरोपित छात्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह हरिद्वार भेजा गया। परिजनों ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि 15 वर्षीय किशोरी 9वीं कक्षा में पढ़ती है और उसी स्कूल में एक किशोर 12वीं कक्षा का छात्र है।
दोनों में बातचीत होती थी और घर नजदीक होने के चलते एक साथ ही स्कूल भी जाया करते थे। किशोर किशोरी को स्कूल से इधर-उधर घूमने के लिए ले जाता था। आरोप है कि किशोर ने किशोरी के साथ एक साल के भीतर कई बार दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले छात्रा की अचानक तबीयत खराब हुई तो स्वजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जांच में पता चला कि पीड़ित छह माह की गर्भवती है। यह बात सुनकर स्वजनों के होश उड़ गए। स्वजनों ने जब छात्रा से पूछा तो उसने पूरी कहानी बताई। इसके बाद स्वजन गुरुवार शाम को नेहरू कालोनी थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।