राजधानी देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र से 18 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की मां ने एक मुस्लिम युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। मामला देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र के भाऊवाला का है जहां रहने वाली पूजा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी प्रियंका उर्फ सपना 1 जून की सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी लेकिन रोजाना की तरह दोपहर तक वह घर नहीं लौटी और उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आने लगा तो परिवार को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
मां का आरोप है कि कई लोगों से पूछताछ और जानकारी जुटाने पर पता चला कि उनकी बेटी एक मुस्लिम युवक समीर के साथ चली गई है। तहरीर में बताया गया है कि समीर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नूरपुर थाना क्षेत्र के अशगरीपुर गांव का रहने वाला है जो उनकी बेटी को अपने साथ लेकर फरार हो गया है। मां ने पुलिस से बेटी की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। वहीं मां की शिकायत के आधार पर सेलाकुई थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में जांच शुरू कर दी गई है अध्यक्ष लोकपाल परमार ने जानकारी दी थी इस मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है और जो युवती लापता है उसे जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा।