कोटद्वार में अमित शाह की विजय संकल्प रैली, कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना, सरकार की गिनाई उपलब्धियां

आज कोटद्वार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दाैरान उन्होंने गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में वोट की अपील की।

Share

उत्तराखंड के पांच लोकसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल को मतदान होने जा रहा है। देवभूमि उत्तराखंड की पौड़ी गढ़वाल संसदीय सीट इस बार वीआईपी स्टेटस में दिखाई दे रही है। Amit Shah Rally In Kotdwar अनिल बलूनी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व में एक बड़ा नाम है। चुनाव प्रचार में अनिल बलूनी को स्टार प्रचारकों को बुलाना पड़ा रहा है। बीजेपी ने गढ़वाल में प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी और वीके सिंह की रैलियां कराई हैं। आज कोटद्वार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दाैरान उन्होंने गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में वोट की अपील की। उन्होंने जनसभा में भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाई।

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कल रामनवमी है। रामलला 500 सालों के बाद अपना जन्मदिवस टेंट की जगह भव्य मंदिर में मनाएंगे। यह हमारा साैभाग्य है कि हमें ये पावन पल देखने का अवसर मिला है। कांग्रेस ने इतने साल राम मंदिर के मुद्दे को लटकाया। लेकिन मोदी सरकार ने जो ठाना वो किया है। अमित शाह ने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ भी की। शाह ने कहा कि भारत में सबसे पहले यूसीसी (यूनिफॉर्म सिविल कोड) लाने का काम उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया। इसी तर्ज पर पीएम मोदी ने पूरे देश में यूसीसी लाने के लिए संकल्प पत्र में बात की है। अमित शाह ने अपने भाषण में धारा 370 और सीएए का भी जिक्र किया और इन दोनों मसलों पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि, कांग्रेस ने तो 70 साल से धारा 370 को संभाल कर रखा था, लेकिन मोदी से धारा 370 को समाप्त कर दिया और कश्मीर को हमेशा के लिए भारत का हिस्सा बना दिया।

अमित शाह ने कहा वैसे तो उत्तराखंड की आबादी बहुत कम है, लेकिन सेना में हर चौथा व्यक्ति मां भारती की सेवा के लिए उत्तराखंड से ही जाता है। उन्होंने कहा कि, इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए जवानों से वादा किया था कि सैनिकों को वन रैंक वन पेंशनदिया जाएगा, लेकिन 40 सालों तक कांग्रेस ने इसे लटकाए रखा, लेकिन 2014 में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद पीएम मोदी ने वन रैंक वन पेंशन का वादा पूरा किया। अमित शाह ने भावनात्मक तौर पर भी उत्तराखंड की जनता से जुड़ने का प्रयास किया और राज्य आंदोलन के दौरान हुए रामपुर तिराहा गोलीकांड की याद दिलाई। अमित शाह ने जनता से पूछा कि अलग उत्तराखंड राज्य के गठन का विरोध कौन करता था? रामपुर तिराहा पर किसने गोलीबारी की थी? उत्तराखंड अटल ने बनाया था और अब पीएम मोदी इसे सवारने का काम कर रहे हैं।