असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उत्तराखंड के हरिद्वार में धार्मिक अनुष्ठान के बाद मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में चल रहे विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए सरमा ने इसे पूरी तरह से “एक तमाशा” करार दिया। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही चुनावी हार के कारण विपक्ष हताश और निराश हो चुका है, जिसके चलते वे इस तरह के आंदोलन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विपक्ष की ब्लैकमेलिंग की इन कोशिशों से केंद्र सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
सरमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए दावा किया कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों की तुलना में 100 गुना ज्यादा जनता भाजपा और देश के विकास के साथ खड़ी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मिलने के कदम पर तीखा तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से कोई भी सामान्य व्यक्ति मिल सकता है और अदालत में भी रोजाना हजारों लोग जाते हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि “जब राहुल गांधी चंद्रयान या मंगलयान में जाएंगे, तब मुझसे पूछना कि उन्होंने क्या चमत्कार किया है”। इसके साथ ही उन्होंने असम उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का हवाला देते हुए आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में भी कमल खिलने का दावा किया।