मसूरी के हैप्पी वैली क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को लेकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद का एक बड़ा मामला सामने आया है। दलाई हिल के समीप हुई इस घटना में मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब एक पर्यटक ने हैप्पी वैली क्षेत्र में दलाई हिल के पास सड़क किनारे अपनी स्कूटी खड़ी कर दी। संकरे रास्ते पर स्कूटी खड़ी होने के कारण स्थानीय निवासियों और वहां मौजूद नगर पालिका कर्मचारियों को आवाजाही में परेशानी होने लगी। जब पालिका कर्मियों और स्थानीय लोगों ने पर्यटक को स्कूटी वहां से हटाने के लिए कहा, तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुट आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर हाथापाई और लात-घूंसे चले। इस हंगामे के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बाद में कुछ स्थानीय लोगों और एक महिला के बीच-बचाव के बाद मामले को शांत कराया जा सका। इसके अलावा, मसूरी माल रोड बैरियर पर भी स्कूटी खड़ी करने और स्टैंड तोड़ने के आरोप को लेकर पालिका कर्मचारियों और स्थानीय युवकों के बीच मारपीट की एक और घटना की खबर है। दोनों ही मामलों का संज्ञान लेते हुए स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर हुड़दंग मचाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों की पहचान कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिनाख्त पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।