‘शुद्धिकरण’ विवाद पर कांग्रेस का मौन सत्याग्रह!बारिश में भी डटे नेता-कार्यकर्ता! | Uttarakhand News

Spread the love

हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे की जनसभा के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक बड़े सियासी संग्राम में बदल चुका है। इस घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में भारी बारिश के बीच मौन सत्याग्रह कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। यह मामला तब और ज्यादा गरमा गया, जब इस विवाद पर बयान देने के कारण कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में ही एफआईआर दर्ज कर ली गई। इसके बाद से कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग बेहद तीखी हो गई है। रविवार शाम को हल्द्वानी के उसी रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से इस मौन प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, लेकिन इसके बावजूद पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपनी जगहों से नहीं हिले। हाथों में तख्तियां लिए नेता घंटों मौन व्रत पर बैठे रहे। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने किया। कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि यह प्रदर्शन तब तक थमेगा नहीं, जब तक ‘शुद्धिकरण’ करने वाले समाज-विरोधी तत्वों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती।