देवभूमि को मिला नया गवर्नर: पूर्व केंद्रीय मंत्री और डॉक्टर ढाल सिंह बिसेन संभालेंगे उत्तराखंड की कमान

Spread the love

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। 74 वर्षीय डॉ. बिसेन राज्य के 9वें संवैधानिक प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। वे लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की जगह लेंगे, जिन्होंने सितंबर 2021 से इस पद पर रहते हुए पांच वर्ष से अधिक का कार्यकाल पूरा किया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. बिसेन को बधाई दी। सीएम धामी ने कहा कि डॉ. बिसेन का सुदीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन का योगदान प्रेरणादायी है, जिससे देवभूमि के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ। वे पेशे से चिकित्सक और किसान हैं। उन्होंने रायपुर से आयुर्वेद चिकित्सा (AVMS) और बायोकेमिस्ट्री में विशेषज्ञता हासिल की है। उन्होंने मध्य प्रदेश की बरघाट विधानसभा सीट से 1990, 1993, 1998 और 2003 में लगातार चार बार विधानसभा चुनाव जीता। निवर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने 15 सितंबर 2021 को शपथ ली थी। उत्तराखंड के इतिहास में वे पहले ऐसे राज्यपाल रहे, जिन्होंने अपना पांच वर्ष से अधिक का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया। राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, डॉ. बिसेन की यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से विधिवत प्रभावी होगी।