उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है। राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न जॉब देने की प्रक्रिया अब तेज होने जा रही है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगस्त माह तक इसकी विज्ञप्ति जारी कर दी जाए। इसके साथ ही खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में शैक्षिक सत्र शुरू करने की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मंत्री ने 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों, नई खेल नीति और हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम स्थापित करने के कार्यों को भी प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।