Haldwani ‘भूत’ का खौफ या अफवाह? परीक्षा छोड़ क्यों भागी छात्राएं? | Exam Stress | Uttarakhand News

Spread the love

नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बनभूलपुरा स्थित ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान अचानक ‘भूत-प्रेत’ की अफवाह फैल गई। इसके बाद स्कूल परिसर में ऐसी अफरा-तफरी मची कि सहमी हुई छात्राएं रोते-बिलखते परीक्षा बीच में ही छोड़कर घर की तरफ भागने लगीं। माहौल बिगड़ता देख स्कूल प्रशासन को तुरंत आपातकालीन छुट्टी घोषित करनी पड़ी। चश्मदीदों के मुताबिक, स्कूल में कक्षा 10वीं और 11वीं की छात्राओं के यूनिट टेस्ट चल रहे थे। परीक्षा हॉल में पूरी तरह शांति थी, तभी अचानक एक-दो छात्राओं को चक्कर आने लगे और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसी बीच एक छात्रा अचानक असहज होकर ज़ोर-ज़ोर से चीखने-चिल्लाने और ज़मीन पर लोटने लगी। शांत माहौल में अचानक ऐसी चीख सुनकर आस-पास बैठी दूसरी छात्राएं बुरी तरह डर गईं। एक बच्ची को देखकर देखते ही देखते 4-5 अन्य छात्राएं भी घबराकर रोने और चिल्लाने लगीं। परीक्षा के तनाव के बीच इसी डर ने पूरी शाला में ‘भूत-प्रेत’ की अफवाह का रूप ले लिया और पूरी स्कूल में दहशत फैल गई।