भीमताल में कैसे गिरी खाई में बस? मृतकों के परिजनों को दस-दस लाख देगी सरकार

नैनीताल जिले में बुधवार 25 दिसंबर को हुए रोडवेज बस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए और गंभीर रूप घायलों को ढाई लाख रुपए देने की घोषणा की है।

Share

नैनीताल जिले के भीमताल में बुधवार को एक दर्दनाक बस हादसा हो गया। पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जा रही एक रोडवेज बस गहरी खाई में जा गिरी। Bhimtal Bus Accident बस में 30 लोग सवार थे। चार यात्रियों की मौत हो गई और बाकी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को भीमताल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर घायलों को हल्द्वानी के राजकीय सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के लिए 10 लाख-लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की। घायलों को भी राहत राशि देने का ऐलान किया गया है। सीएम ने आला अधिकारियों से फोन पर बात कर घायलों के इलाज में कोई भी कोताही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

एसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि पिथौरागढ़ से हल्द्वानी की तरफ जा रही उत्तराखंड परिवहन की बस जैसे ही भीमताल से 100 मीटर आगे आमडली के पास पहुंची, तो सामने से रॉन्ग साइड आ रही एक कार को बचाने में चालक ने बस का नियंत्रण खो दिया। जिसके बाद बेकाबू बस पलटियां खाते हुए सीधा 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में 3 यात्रियों (दो पुरुष और एक महिला) की मौके पर मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बच्चे की भीमताल के अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उत्तराखंड परिवहन निगम दुर्घटना प्रतिकार राशि के तौर पर 2.5 लाख और सड़क सुरक्षा राहत कोष से 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। यानी गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कुल तीन लाख रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को उत्तराखंड परिवहन निगम दुर्घटना प्रतिकार राशि से पांच हजार और सड़क सुरक्षा राहत कोष से 10 से 20 हजार रुपए दिए जाएंगे।