IIT रुड़की का भव्य दीक्षांत समारोह!NSA अजीत डोभाल की मौजूदगी में 1277 डिग्रियां! | Uttarakhand News

Spread the love

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की में दो दिवसीय वार्षिक दीक्षांत समारोह का भव्य आगाज हुआ, जिसके पहले दिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दीक्षांत समारोह के पहले दिन स्नातक स्तर के 1,277 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं। इस बार संस्थान के इतिहास में रिकॉर्ड 2,701 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जा रही हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। समारोह की अध्यक्षता बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष हरीश साल्वे ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि भी मौजूद रहे। समारोह को संबोधित करते हुए एनएसए अजीत डोभाल ने छात्रों को ‘पिछली एक सहस्राब्दी की सबसे भाग्यशाली पीढ़ी’ बताया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के पास देश को बदलने के लिए अभूतपूर्व अवसर और तकनीक की ताकत है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले 20 वर्षों में भारत की जीडीपी वर्तमान 4.015 ट्रिलियन डॉलर से बढ़कर 38 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगी। डोभाल ने अपने युवा दिनों का एक रोचक संस्मरण साझा करते हुए छात्रों को साहसी बनने और ‘अमृत काल’ में भारत की आर्थिक प्रगति का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया।