मुर्गीबाड़े में फिर कैद हुआ गुलदार! पौड़ी में मचा हड़कंप | Uttarakhand News

Spread the love

गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी रेंज के अंतर्गत आने वाले मासौं तल्ला गांव में गुरुवार तड़के एक गुलदार शिकार की फिराक में गांव के पोल्ट्री फार्म में घुस गया। बाड़े में मौजूद मुर्गियों को मारने के बाद वह बाहर निकलने का रास्ता नहीं ढूंढ पाया और जालीदार बाड़े के भीतर ही फंस गया। सुबह जब संचालक बाड़े में पहुंचा, तो सामने गुलदार को देखकर उसके होश उड़ गए। शोर मचने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पौड़ी रेंज की वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। गुलदार को सुरक्षित ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू करने की प्रक्रिया के दौरान बाड़े में फंसा वन्यजीव बेहद आक्रामक हो गया। उसने अचानक झपट्टा मारकर रेस्क्यू कार्य में जुटे कुछ वनकर्मियों को घायल कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद वन विभाग ने अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए अभियान जारी रखा। हैरानी की बात यह है कि इसी मासौं गांव के इसी पोल्ट्री फार्म में तीन महीने के भीतर यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व बीते 3 जून को भी एक गुलदार इसी मुर्गीबाड़े में घुसकर कैद हो गया था, जिसे वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया था।