मसूरी में बड़ा हादसा टला: होटल पर गिरा विशाल पेड़, छत क्षतिग्रस्त

Spread the love

पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार तड़के मॉल रोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। Heavy Rain In Mussoorie रविवार देर रात करीब 3 बजे मॉल रोड स्थित प्रसिद्ध ‘होटल सूर्य किरण’ की छत पर पहाड़ी से एक विशालकाय सूखा पेड़ भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि इस घटना में होटल में ठहरे पर्यटक और स्थानीय लोग पूरी तरह सुरक्षित बच गए, हालांकि होटल की छत और नीचे खड़े वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, देर रात भारी बारिश के दबाव से सूखा पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे होटल की मुख्य इमारत की ओर गिरा।

पेड़ गिरने के दौरान मॉल रोड की मजबूत प्राचीन ब्रिटिशकालीन लोहे की रेलिंग से टकरा गया, जिससे उसका वेग और दिशा बदल गई। रेलिंग से टकराने के बाद पेड़ होटल की ऊपरी छत और पार्किंग क्षेत्र पर गिरा। यदि रेलिंग पेड़ का भार न रोकती, तो होटल के मुख्य कमरों को सीधा नुकसान पहुंच सकता था, जहां दर्जनों पर्यटक सो रहे थे। पेड़ गिरने से होटल की ऊपरी छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके साथ ही नीचे पार्किंग में खड़ी एक कार और परिसर में रखा अन्य सामान मलबे और भारी टहनियों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। देर रात का समय होने के कारण उस वक्त मॉल रोड पर पर्यटकों या पैदल चलने वालों की आवाजाही नहीं थी, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया।