सहस्त्रधारा हादसा: दिल्ली के पर्यटक की डूबने से मौत, 2 किमी दूर मिला शव

Spread the love

सहस्त्रधारा में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां नदी में स्नान करने उतरा दिल्ली का एक पर्यटक पानी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने करीब दो किलोमीटर तक सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी खोजबीन के बाद टीम ने घटनास्थल से दूर पांडव वाला पुल के पास से व्यक्ति का शव बरामद कर लिया है। पुलिस और एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी नौथ राम अपने परिवार के साथ देहरादून घूमने आए थे। रविवार सुबह वह सहस्त्रधारा में नदी किनारे स्नान कर रहे थे। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और बहाव बेहद तेज था। स्नान करने के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

सूचना मिलते ही पोस्ट सहस्त्रधारा से SDRF की रेस्क्यू टीम एडिशनल सब-इंस्पेक्टर मनोज जोशी के नेतृत्व में तुरंत आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। परिजनों से हादसे की जगह की जानकारी लेने के बाद गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने उफनती नदी में तलाश शुरू की। नदी का वेग तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को शुरुआत में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टीम ने नदी के बहाव की दिशा में आगे बढ़ते हुए करीब दो किलोमीटर दूर तक सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार, टीम को घटनास्थल से 2 किमी आगे पांडव वाला पुल के पास शव अटका हुआ मिला। SDRF के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला और स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।