काशीपुर में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरने से एक मजदूर की मौत, दूसरा भाई गंभीर घायल

Spread the love

उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ लक्ष्मीपुर पट्टी इलाके में एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। House Collapsed In Kashipur मलबे के नीचे दबने से 28 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लक्ष्मीपुर पट्टी में एक आवासीय मकान के निर्माण का कार्य चल रहा था। शनिवार शाम दो सगे भाई 28 वर्षीय जाकिर और 40 वर्षीय शकील लेंटर के नीचे निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान शटरिंग अचानक कमजोर होकर ढह गई और पूरा लेंटर दोनों भाइयों के ऊपर आ गिरा।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचित करते हुए तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे दोनों भाइयों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जाकिर को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शकील को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च केंद्र रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार पंकज चंदौला ने बताया कि प्रशासन और पुलिस की टीमें मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।