दोस्तों, उत्तराखंड में बारिश ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाया है। रुद्रप्रयाग में कुदरत का ऐसा कहर टूटा कि पहाड़ से अचानक विशाल बोल्डर सड़क पर आ गिरा और एक कार इसकी चपेट में आ गई। इतना ही नहीं, कई जगह बारिश का पानी घरों में घुस गया। आखिर पहाड़ों में बारिश के बीच हालात कितने बिगड़ गए हैं? मानसून सीजन में उत्तराखण्ड में कुदरत का कहर जारी है। ताज़ा खबर रुद्रप्रयाग जिले से सामने आ रही है जहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने अगस्त्यमुनि क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के कारण कई रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग समेत स्थानीय यातायात को भी प्रभावित किया। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं मार्ग बहाली के कार्य में जुटी हुई हैं। दोस्तो बारिश के दौरान अगस्त्यमुनि पेट्रोल पंप के समीप पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में वहां खड़ी एक कार आ गई। बोल्डर के नीचे दबने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय वाहन के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दोस्तो इतना ही नहीं है क्योंकि लगातार बारिश के चलते नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के बसंत विहार, एसबीआई कॉलोनी और खंड विकास कार्यालय के पीछे स्थित क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। हालात ऐसे बने कि कई मकानों के आंगनों और कमरों तक पानी पहुंच गया। खंड विकास कार्यालय के पीछे स्थित कई घरों तक जाने वाले रास्ते पूरी तरह पानी में डूब गए, जिससे लोगों को घरों से बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी भर जाने से सामान्य आवागमन भी ठप हो गया। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बढ़ते जलस्तर से नदी किनारे के इलाकों में चिंता बढ़ गई है। कई जगहों पर नदियों का पानी तट के बेहद करीब पहुंच गया है और तेज बहाव के साथ मलबा और पेड़ भी बहते दिखाई दे रहे।
दोस्तो इन तस्वीर पर स्थानीय लोगों लोगों का कहना है कि अगस्त्यमुनि क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। उनका आरोप है कि नालियों का पर्याप्त रखरखाव नहीं होने से वर्षा का पानी रिहायशी इलाकों में भर जाता है, जिससे लोगों को बार-बार मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित स्थानों पर राहत कार्य जारी हैं, जबकि सड़कों से मलबा हटाने और यातायात सुचारु करने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है, क्योंकि दोस्तो रुद्रप्रयाग में बारिश ने एक बार फिर पहाड़ों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं पहाड़ से गिरते बोल्डर खतरा बन रहे हैं, तो कहीं बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। ऐसे में प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है और लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है। फिलहाल बारिश का दौर जारी है, ऐसे में जरूरी है कि नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूरी बनाए रखें और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही घर से बाहर निकलें।