उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में इस समय मानसून आफत बनकर बरस रहा है। पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते राज्य के कई जिलों में जलप्रलय जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी है। सभी जिलों में कहीं-कहीं बादलों की तीव्र गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बहुत तेज बौछारें पड़ने की आशंका है।
मौसम विभाग ने संवेदनशील पहाड़ी ढलानों पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा है, क्योंकि मूसलाधार बारिश से स्थानीय गदेरे और नदियां अचानक उफान पर आ सकती हैं। मौसम के तल्ख तेवरों को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे नियंत्रण कक्ष से मौसम और रास्तों का ताजा अपडेट लेने के बाद ही अपनी आगे की यात्रा शुरू करें। मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तराखंड में बारिश का यह दौर अभी थमने वाला नहीं है और 28 अगस्त तक पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।