हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियां अब तेज़ रफ्तार पकड़ चुकी हैं। मेला प्रशासन कुंभ नगरी को भव्य और व्यवस्थित बनाने में जुट गया है। मेलाधिकारी सोनिका ने पूरे दिन शहर के प्रमुख क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने तुलसी चौक, रेलवे स्टेशन, अपर रोड और हरकी पैड़ी समेत कई स्थानों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण और विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। खास तौर पर कुंभ क्षेत्र में सुगमता, स्वच्छता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
मेलाधिकारी ने मनसा देवी पैदल मार्ग और मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया और वहां सौंदर्यीकरण व सुरक्षा से जुड़े कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। हरकी पैड़ी, भीमगोडा पुल, ललतारौ पुल और अन्य घाटों पर भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनके सुझाव भी लिए गए, ताकि कुंभ नगरी को और बेहतर बनाया जा सके। प्रशासन का कहना है कि कुंभ 2027 में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे हरिद्वार एक बार फिर भव्य और दिव्य कुंभ का गवाह बनेगा।