राजधानी देहरादून में हाल ही में तैयार किया गया नंदा की चौकी स्थित टौंस नदी का नया पुल एक बार फिर चर्चा में है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल से स्थानीय लोगों को उम्मीदें थीं और लंबे इंतजार के बाद करीब 17 दिन पहले इस पुल को ट्रैफिक की आवाजाही के लिए खोल दिया गया था, लेकिन बारिश ने पुल के साथ-साथ लोगों की उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया। भारी बारिश के बाद पुल के एक छोर पर बने एप्रोच रोड में बड़ा धंसाव हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने तत्काल इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। स्थानीय लोगों ने पुल के पास सड़क धंसने की सूचना प्रशासन को दी। इसके बाद पुलिस और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती तस्वीरों में पुल के ऊपर बड़ा गड्ढा दिखाई देने के कारण लोगों ने पुल के धंसने की आशंका जताई।