बनभूलपुरा हिंसा के बाद सामान्य हो रहे हालात, कर्फ्यू में 17 घंटे की ढील; बाहरियों पर रहेगी पैनी नजर

जिला मजिस्ट्रेट वंदना सिंह द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार अब बनभूलपुरा में सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक कर्फ्यू में 17 घंटे की ढील दी जाएगी। अगले आदेश तक रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू रहेगा।

Share

हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में कर्फ्यू में और ढील दी गई है और नैनीताल जिला प्रशासन ने रविवार को बताया कि कर्फ्यू अब केवल रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक ही रहेगा। Haldwani violence जिला मजिस्ट्रेट वंदना सिंह द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार अब बनभूलपुरा में सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक कर्फ्यू में 17 घंटे की ढील दी जाएगी। अगले आदेश तक रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक रात्रि कर्फ्यू रहेगा। कर्फ्यू के बीच जन जीवन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। दुकान खुलने से लोगों को राहत मिली है। इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है। लोगों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। हालांकि पुलिस यहां हर गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि बाहरी लोगों के आने पर निगरानी रखी जा रही है। मलिक के बगीचे के आसपास के क्षेत्र में 100 मीटर के परिधि में 24 घंटे अभी भी कर्फ्यू जारी है। किसी भी व्यक्ति के वहां आने-जाने पर प्रतिबंध है।

बनभूलपुरा हिंसा में नामजद आरोपी अजाज कुरैशी की संपत्ति भी रविवार को कुर्क कर ली गई। पुलिस ने बताया कि वह गोपाल मंदिर के पास नई बस्ती का रहने वाला है। इस हिंसा के सिलसिले में अब तक 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कथित मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक और उसका बेटा अब्दुल मोइद अभी भी फरार हैं। इसके अलावा उत्‍तराखंड पुलिस उपद्रवियों के बैंक खाते भी खंगाल रही है। इसमें ये पता लगाया जा रहा है कि हिंसा के पहले बैंक खातों से कितने पैसे इधर से उधर किए गए। बनभूलपुरा में अवैध रूप से निर्मित एक मदरसे को ढहाने के बाद आठ फरवरी को इलाके में हिंसा भड़क गई थी। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम के कर्मियों और पुलिस पर पथराव किया था और पेट्रोल बम फेंके थे। इसके कारण कई पुलिसकर्मियों को एक थाने में शरण लेनी पड़ी थी जिसे भीड़ ने बाद में आग के हवाले कर दिया था