धर्मावाला चौक पर दुकान में घुसा बेकाबू ट्रक! अंदर सो रहे दो लोगों ने कैसे बचाई जान| Uttarakhand News

Spread the love

देहरादून के विकासनगर स्थित धर्मावाला चौक पर मंगलवार तड़के करीब 5:19 बजे एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जब सहारनपुर की दिशा से आ रहा हरियाणा नंबर का एक अनियंत्रित ट्रक सीधे सड़क किनारे स्थित एक साइबर कैफे की दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दुकान का शटर, कांच की दीवारें और अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के समय कैफे के अंदर दो युवक सो रहे थे, जो जोरदार धमाके की आवाज सुनते ही बदहवास होकर तुरंत बाहर की ओर भागे और महज कुछ सेकंड के फासले से अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। इस घटना का खौफनाक मंजर दुकान के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। दुर्घटना धर्मावाला पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को सीज कर दिया। पूछताछ में चालक ने सुबह के समय ध्यान भटकने के चलते वाहन पर से नियंत्रण खोने की बात कही है।