लमगड़ा में सड़कों पर उतरे ग्रामीण!‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ का ऐलान क्यों? | Uttarakhand News

Spread the love

अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा विकासखंड में दशकों से उपेक्षित सड़कों की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब चरम पर पहुंच गया है। टकोली बैंड से नौरा, बलमा छतोला और उड्यूड़ा को जोड़ने वाले मोटर मार्ग की पिछले 10 वर्षों से डामरीकरण न होने से नाराज स्थानीय निवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बदहाल रास्तों पर गड्ढों और धूल-कीचड़ के बीच ग्रामीणों ने दो किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि खस्ताहाल सड़क के कारण रोजाना स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाना बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है। कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद कोई सुनवाई न होने से तंग आकर प्रदर्शनकारियों ने दो-टूक शब्दों में ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ का ऐलान कर दिया है।