कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी 17 जुलाई को शाम 5 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम के तहत युवाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि यह एक गैर-राजनीतिक कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर छात्रों की आवाज़ को मंच देना और उनके भविष्य से जुड़े सवालों पर चर्चा करना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से मेहनत करने वाले लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में राहुल गांधी युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और इस समस्या के समाधान तथा पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की आवश्यकता पर अपने विचार रखेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की चिंताओं को सामने लाना है। साथ ही उन्होंने प्रदेशभर के युवाओं और छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में देहरादून के परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।