हरिद्वार में मशहूर मिठाई की दुकान पर GST की रेड!कागजों में क्या तलाश रही है टीम? | Uttarakhand News

Spread the love

हरिद्वार के रानीपुर मोड़ स्थित मशहूर मिठाई प्रतिष्ठान ‘परशीद बेकरी और स्वीट्स’ पर राज्य कर विभाग (GST) की टीम ने औचक छापेमारी की है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा टैक्स चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देशों के बाद, आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में देहरादून से आई विशेष अनुसंधान शाखा (SIB), सचल दल और ऑडिट इकाई ने संयुक्त रूप से यह बड़ी कार्रवाई की। इस अचानक हुई जांच से स्थानीय व्यापारिक क्षेत्र और बाजार में हड़कंप मच गया। देर शाम तक चली इस प्रारंभिक कार्रवाई में टीम ने दुकान के क्रय-विक्रय खातों, स्टॉक और बिलों की बारीकी से जांच की।

जांच के दौरान टीम को प्रतिष्ठान के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और पोर्टल के ऑनलाइन डाटा में करीब ₹30 लाख की बड़ी विसंगति मिली है। उपायुक्त जीएसटी सुरेश कुमार के अनुसार, जिस अनुपात में आईटीसी को रिवर्स किया जाना चाहिए था, वह आधिकारिक आंकड़ों से मेल नहीं खा रहा था, जिसके चलते विभाग ने महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड को जब्त कर लिया है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई प्रदेश में राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही एक नियमित (रूटीन) स्क्रूटनी का हिस्सा है और अभी तक टैक्स चोरी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विभाग ने प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है, और अब देहरादून मुख्यालय में ऑनलाइन पोर्टल के लाइव आंकड़ों के साथ जब्त रिकॉर्ड्स का मिलान किया जाएगा।