उत्तराखंड: पांच लोकसभा सीटों पर 83 लाख से ज्यादा वोर्टस डालेंगे वोट, 55 कैंडिडेट का आज EVM में कैद होगा भविष्य

राज्य की पांचों सीटों पर 83.37 लाख मतदाता 55 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद करेंगे।

Share

उत्तराखंड में लोकसभा की पांच सीटों के लिए माहभर चले चुनाव प्रचार अभियान के बाद आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। Uttarakhand Lok Sabha elections प्रदेश में कुल 11729 बूथ हैं। जिसके लिए करीब 15000 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। हर पोलिंग पार्टी में चार लोग शामिल होते हैं। यानी करीब 55000 कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगाई गई हैं। इसके अलावा चुनाव में 65 कंपनी सीएपीएफ, 20 कंपनी पीएसी और 15000 होमगार्ड की तैनाती की गई हैं। राज्य की पांचों सीटों पर 83.37 लाख मतदाता 55 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद करेंगे। जिसमें पुरुष मतदाता 43.08 लाख , महिला मतदाता 40.12 लाख और थर्ड जेंडर मतदाता 297 हैं। वहीं, अगर आयु वर्ग आंकड़ों पर नजर दौड़ाए, तो 1,45,220 युवा मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में अपना योगदान देंगे, जबकि 85 वर्ष से अधिक के 65,177, 93,357 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।

जो चर्चित प्रत्याशी मैदान में हैं, उनमें केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पुत्र वीरेंद्र रावत शामिल हैं। शाम पांच बजे तक मतदान केंद्र में पहुंचने वालों को मतदान का मौका दिया जाएगा। डाक मतपत्र मतगणना के दिन, यानी चार जून सुबह मतगणना शुरू होने तक स्वीकार किए जाएंगे। मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। सभी मतदाता मतदान के लिए अपना फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र लाएं। यदि किसी के पास फोटो युक्त पहचान पत्र नहीं है, तो 12 अन्य दस्तावेजों को फोटो पहचान पत्र के विकल्प के रूप में प्रयोग कर मतदान कर सकते हैं।