उत्तराखंड के नए राज्यपाल कौन डॉ ढाल सिंह बिसेन के नाम पर मुहर!| Uttarakhand News

Spread the love

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मध्य प्रदेश के पूर्व सांसद और कद्दावर नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को देवभूमि उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया है। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, 74 वर्षीय डॉ. बिसेन लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की जगह लेंगे, जिन्होंने सितंबर 2021 से उत्तराखंड के राज्यपाल पद का दायित्व संभाला था। नियुक्ति की घोषणा के तुरंत बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर बधाई संदेश साझा किया। सीएम धामी ने लिखा कि डॉ. बिसेन का लंबा प्रशासनिक व संसदीय अनुभव राज्य के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगा। उन्होंने माँ गंगा और बाबा केदार से उनके सफल व यशस्वी कार्यकाल की कामना की।

डॉ. बिसेन को राज्यपाल बनाए जाने की खबर बेहद अप्रत्याशित रही। सिवनी (मध्य प्रदेश) स्थित आवास पर जब वह रात में अपने नाती-पोतों के साथ टहल रहे थे, तभी फोन के जरिए उन्हें इस नए संवैधानिक पद की जानकारी दी गई। खबर मिलते ही उनके समर्थकों और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और स्थानीय नेताओं का उनके घर पर तांता लग गया। वे मध्य प्रदेश विधानसभा में चार बार विधायक चुने गए और 2003 से 2005 के दौरान राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री (स्कूल शिक्षा, वन और परिवहन विभाग) भी रहे। राजनीति के साथ-साथ डॉ. बिसेन आयुर्वेद चिकित्सा और कृषि अर्थशास्त्र के जानकार हैं। उन्होंने आयुर्वेद विज्ञानाचार्य आधुनिक मेडिसन सर्जरी (AVMS) की डिग्री हासिल की है।